मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ओ रोमियो’ का नया गाना ‘इश्क का फीवर’ रिलीज कर दिया है। खास बात यह है कि इस गीत को अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है। कुछ दिनों पहले ही अरिजीत ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने की घोषणा की थी, ऐसे में उनका यह नया गीत सुनना फैंस के लिए किसी सरप्राइज गिफ्ट से कम नहीं है। गाने का संगीत विशाल भारद्वाज ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल मशहूर गीतकार गुलजार ने लिखे हैं। ‘इश्क का फीवर’ की शुरुआत फरीदा जलाल की एक प्रभावी लाइन से होती है, जो आगे चलकर एक खूबसूरत और रोमांटिक मेलोडी में ढल जाती है। गीत में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की कोमल केमिस्ट्री पूरे गाने की भावनाओं को और गहराई देती है। यह ऐसा गीत है जो धीरे-धीरे श्रोताओं के दिल में उतरता जाता है। टी-सीरीज के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध यह गाना वैलेंटाइन वीक के लिए एकदम परफेक्ट माना जा रहा है। अरिजीत सिंह की सुमधुर आवाज और गुलजार के भावपूर्ण बोल इस रोमांटिक समय के लिए एक खास एहसास लेकर आते हैं। रिलीज होते ही गीत को दर्शकों से बेहतरीन प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म ‘ओ रोमियो’ में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के साथ अविनाश तिवारी, नाना पाटेकर, तमन्ना भाटिया और फरीदा जलाल जैसे दमदार कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ से प्रेरित है। इसमें शाहिद कपूर माफिया डॉन हुसैन उस्तरा की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि तृप्ति सपना उर्फ सपना दीदी के किरदार में दिखाई देंगी। हाल ही में फिल्म का एक और गाना ‘हम तो तेरे ही लिए’ रिलीज किया गया था, जिसमें शाहिद और तृप्ति के किरदारों के बीच रोमांस दर्शाया गया था। सुदामा/ईएमएस 06 फरवरी 2026