नई दिल्ली,(ईएमएस)। उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड और कोहरे का दोहरा सितारा जारी है। हिमाचल प्रदेश के 14 शहरों में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया है, जिससे समूचा राज्य शीत लहर की चपेट में है। मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी के निचले इलाकों में दृश्यता काफी कम रहने का अनुमान है। केवल हिमाचल ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मध्य प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम का असर खत्म होते ही उत्तरी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। राज्य के ग्वालियर समेत 8 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया है, जबकि 30 से अधिक जिलों में घना कोहरा देखा गया। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी सुबह के समय घने कोहरे और बर्फीली हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। पहाड़ी राज्यों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 9 फरवरी से ऊचांई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का नया दौर शुरू हो सकता है। उत्तराखंड में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश और हिमपात की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 10 और 11 फरवरी को राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। आगामी 7 और 8 फरवरी को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में सुबह के वक्त घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है, जिससे सुबह और रात की ठंड और अधिक महसूस होगी। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही हलचल का सीधा असर मैदानी इलाकों के तापमान पर पड़ेगा, जिससे फिलहाल सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। प्रशासन ने कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने की सलाह दी है। वीरेंद्र/ईएमएस/06फरवरी2026