राष्ट्रीय
06-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह विफल बताया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद पंजाब में सुरक्षा हालात लगातार बिगड़ते गए हैं और अब स्थिति यह है कि आम नागरिकों के साथ-साथ खुद सत्तारूढ़ पार्टी के नेता भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। शहजाद पूनावाला ने हालिया आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि हाल के दिनों में अमृतसर में आम आदमी पार्टी के एक नेता की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। वहीं, ताजा मामला जालंधर का है, जहां आम आदमी पार्टी से जुड़े एक नेता की सरेआम गोलियां मारकर हत्या किए जाने की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से साफ जाहिर होता है कि पंजाब में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हो चुके हैं और कानून का डर पूरी तरह खत्म हो गया है। भाजपा प्रवक्ता ने राज्य में हुई अन्य गंभीर घटनाओं की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, एक अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी की हत्या और मोहाली स्थित पंजाब पुलिस मुख्यालय पर आरपीजी हमले जैसी घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि पंजाब में कानून-व्यवस्था बुरी तरह चरमरा चुकी है। पूनावाला के मुताबिक, ये घटनाएं किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे राज्य में फैली असुरक्षा को दर्शाती हैं। सीएम मान की भूमिका पर सवाल शहजाद पूनावाला ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नाम मात्र के मुख्यमंत्री भगवंत मान हैं, जबकि असली फैसले दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा लिए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब पुलिस का इस्तेमाल जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय राजनीतिक हित साधने और दिल्ली से जुड़े आम आदमी पार्टी नेताओं को विशेष सुरक्षा देने में किया जा रहा है। आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पंजाब में कट्टरपंथी गतिविधियां, नशा तस्करी और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोहों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा हालात में आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। अपने बयान के अंत में पूनावाला ने कहा कि पंजाब में सत्ता पक्ष चैन की नींद सो रहा है, जबकि आम जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर है। हिदायत/ईएमएस 06फरवरी26