क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


ब्यावरा (ईएमएस )नगर के ओल्ड एबी रोड स्थित बांडी खाली में बीती देर रात को बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम को तोड़कर पैसे निकालने का प्रयास किया गया। रात 2 बजे मुंह में कपड़ा बांधकर पहुंचे एक बदमाश ने लोहे की रॉड से एटीएम का लॉक तोड़ दिया। सेंसर के सिग्नल मिलते ही मुंबई हेडऑफिस से अधिकारियों ने ब्यावरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही बदमाश भाग गया, जिससे एटीएम में लूट की घटना को बदमाश अंजाम नहीं दे पाया। एटीएम तोड़ने और लूट का प्रयास करने की घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी में एक बदमाश मुंह में कपड़ा बांधकर एटीएम को तोड़ रहा है। पुलिस के वाहन का सायरन बजते ही भाग गया। गुरूवार सुबह भोपाल सिक्यूरिटी ऑफिसर और एमसीआर कंपनी के इंजीनियर ब्यावरा पहुंचे, जहां बैंक का निरीक्षण करने के साथ शाखा प्रबंधक और अन्य अधिकारी-कर्मचारियों से चर्चा की गई। सिटी पुलिस में सिक्यूरिटी ऑफिसर द्वारा आवेदन दिया है। पुलिस ने आवेदन लेने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। बदमाश बस स्टैंड तरफ भागा था, इसलिए पुलिस शहर में घटना के समय रात के सीसीटीवी खंगाल रही है। हालाकि देर रात तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हो पाई है। शहर में सभी प्रकार के 15 बैंकों के कार्यालय है। उसके बाद फाइनेंस कंपनियां भी संचालित हो रही है। ओल्ड एबी रोड पर भोपाल बायपास से गुना नाका, सुठालिया रोड, राजगढ़ रोड के साथ अन्य जगहों पर सभी बैंकों के लगभग 20 से अधिक एटीएम लगे हुए है। सभी बैंकों के एटीएम में दिन और रात में लोगों का आना-जाना होता है। लेकिन हैरत की बात ये है कि लगभग 15 एटीएम में किसी तरह की सुरक्षा के लिए ना तो सिक्यूरिटी गार्ड रहते है, ना ही किसी तरह के सुरक्षा के इंतजाम किए जाते है। जिससे शहर के बीच में एटीएम तोड़ने की वारदात भी सामने आने लगी है। - 20 मिनट से भी कम समय में पहुंची पुलिस सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि गत रात्री को बांडी खाली में ओल्ड एबी रोड किनारे एक अज्ञात बदमाश द्वारा एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम 20 मिनट से भी कम समय में मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस टीम को देखकर बदमाश भाग गया था। शहर में घटना के समय के सीसीटीवी की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाश को पकड़ लिया जाएगा। -निखिल कुमार (ब्यावरा)6/2/2026