राष्ट्रीय
06-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार को भी हंगामेदार शुरुआत से हुई। लोकसभा में प्रश्नकाल की शुरूआत होते ही विपक्षी सांसद पोस्टर लहराते हुए वेल में आ गए। इस पर स्पीकर ओम बिरला ने उन्हें शांत करने की कोशिश की लेकिन जब हंगामा बढ़ता गया तो उन्होंने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी। विपक्ष के सांसद पोस्टर लेकर जैसे ही वेल में पहुंचे तो स्पीकर बिरला ने कहा कि आप नियोजित तरीके से गतिरोध उत्पन्न करना चाह रहे हैं, आप सदन की गरिमा नहीं रखना चाहते हैं. तो मैं इस तरह से और ऐसा सदन नहीं चला सकता। इससे पहले स्पीकर ने सदस्यों से अपनी-अपनी सीट पर वापस जाने को कहा और शांति बनाने की बात कही। इस पर भी हंगामा नहीं थमा और करीब तीन मिनट के भीतर ही स्पीकर ओम बिरला ने कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इससे पहले स्पीकर ने सदस्यों को दूसरी तरफ जाने और किसी भी तरह की बातचीत करने से भी सख्ती से मना किया। दोपहर 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही जैसे ही दोबारा शुरू हुई, विपक्ष ने पुन: सदन में जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। सदन में हंगामे के बीच ही लिस्टेड बिजनेस लिए जाने की कार्यवाही की गई। हिदायत/ईएमएस 06फरवरी26