06-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) मोबाइल खोने के बाद तनाव में आएं युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। वह फर्नीचर का काम करता था और दो दिन पहले उसका मोबाइल खो गया था तभी से वह तनाव में था शायद इसके चलते उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर इसके साथ अन्य पहलुओं से भी जांच शुरू कर दी है। मामला एमजी रोड थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली कि राजू पिता महादेव उम्र बयालीस साल ने जहर खा लिया है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां रात में उनकी मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाते कार्रवाई शुरू की तो पूछताछ में रिश्तेदारों ने बताया कि राजू फर्नीचर बनाने का काम करता था। परिवार में पत्नी दीपाली और 8 साल की बेटी है। माता-पिता और अन्य भाई अलग रहते हैं। घटना के समय राजू घर पर ही था। उसकी पत्नी स्कूल में काम करती हैं जब वह छुट्टी के बाद घर लौटी तो उन्हें बेसुध पाया। जिसके बाद पड़ोसियों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड दिया। रिश्तेदारों के अनुसार राजू पर कुछ कर्जा भी था लेकिन कर्ज की वजह से उस पर कोई तनाव नहीं था उसका काम अच्छा चल रहा था, लेकिन दो दिन पहले उसका मोबाइल खो जाने से वह बहुत परेशान था। फिलहाल पत्नी का बयान नहीं लिया गया है और मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। मामले में पुलिस जांच कार्रवाई कर रही है। आनंद पुरोहित/ 06 फरवरी 2026