06-Feb-2026
...


- तीन महीने पहले पीड़िता का अश्लील वीडियो हुआ था वायरल- न्याय के लिए एसडीओपी कार्यालय पहुंची राजगढ़ (ईएमएस ) जिले के सारंगपुर में एक नर्स (26) साल ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नर्स का दावा है कि उसका अश्लील वीडियो वायरल होने के तीन महीने बाद भी उसे न्याय नहीं मिला है और ना ही पुलिस ने कोई कार्यवाही की है l सारंगपुर एसडीओपी कार्यालय में पीड़ित नर्स ने एक टीआई पर “तू ऐसी ही है, इसीलिए तेरे साथ ऐसा हो रहा है” कहने का भी गंभीर आरोप लगाया है। आगर जिले में पदस्थ यह नर्स लीमाचौहान थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने मीडिया को बताया कि पाटक्या निवासी पवन गुर्जर, प्रदीप नागर, अर्जुन नागर और शिवराज राजपूत नामक युवकों ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो बनाए थे। 29 नवंबर 2025 को इन युवकों ने उससे पैसों की मांग की और बदनाम करने की धमकी दी। नर्स के अनुसार, 8 दिसंबर 2025 को उसे पता चला कि उसका वीडियो वायरल किया जा रहा है। उसने लीमाचौहान थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई। नर्स का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया। न्याय न मिलने पर युवती ने एसपी कार्यालय में शिकायत की। एसपी कार्यालय ने एक टीम गठित कर उसे वापस लीमाचौहान थाने भेजा, जहां एसडीओपी अरविंद सिंह ने उसके बयान दर्ज किए। युवती ने बताया कि गुरुवार को वह मामले की जानकारी लेने एसडीओपी कार्यालय गई थी। घर जाने के लिए वह अपने जीजाजी का इंतजार कर रही थी, तभी सारंगपुर टीआई वहां आईं। नर्स का आरोप है कि टीआई ने उसे वहां से भगाने की कोशिश की और कहा, तू ऐसी ही है, इसीलिए तेरे साथ ऐसा हो रहा है। नर्स ने पुलिस के इस रवैये पर न्याय न मिलने की आशंका जताई है। - महिला के आरोपों को थानाप्रभारी ने बताया गलत सारंगपुर थानाप्रभारी आकांशा हाड़ा ने बताया की महिला एसडीओपी कार्यालय परिसर में बैठी थी, कार्यालय बंद होने का समय हो चुका था। वो क्षेत्र सुरक्षित नहीं है इसलिए मैंने कहा था की थाने पर चलकर बैठ जाना यहां सुरक्षित नहीं है। इसके अलावा हमारी कोई चर्चा नहीं हुई, महिला अगर ऐसा आरोप लगा रही है तो वो गलत है। -निखिल कुमार (राजगढ़)6/2/2026