06-Feb-2026
...


ब्यावरा(ईएमएस) नगर के गुना हाइवे पर डोबरा गांव में सलूजा वेयर हाउस में हुई 30 बोरी गेहूं की लूट का पुलिस अभी तक कोई सुराग नही लगा पाई है । पुलिस द्वारा 250 सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद भी अब तक माल लेकर जाता कोई वाहन दिखाई नहीं दिया है। अब पुलिस ने दोनों चौकीदारों एवं घटना के समय मौजूद लोगों की पारिवारिक प्रश्ठभूमि एवं आपराधिक रिकार्ड की जांच कराना भी शुरू कर दिया है। दरअसल सलूजा वेयर हाउस के चौकीदार हरिसिंह एवं जसरथ मीणा के मुताबिक बदमाश गेहूं लूटने के बाद किसी वाहन में माल भरकर ले गए थे। चौकीदारों ने वाहन की आवाज सुनी थी। पुलिस ने वेयर हाउस के दोनों तरफ स्थित पेट्रोल पंप के अलावा टोल बैरियर एवं अन्य निजी प्रतिष्ठानों पर लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की जांच की है, लेकिन किसी में भी गेहूं की बोरी लदा वाहन जाते हुए कैद नहीं हुआ है। जिससे गुत्थी और भी उलझ गई है। क्योंकि चौकीदार अपनी कहानी पर अड़े हुए हैं, जबकि पुलिस को अब तक किसी कैमरे में वाहन जाता नहीं मिला है। अब पुलिस वेयर हाउस के आसपास के रास्ते भी खंगाल रही है, क्योंकि संभावना है कि गाड़ी को आसपास ही किसी गांव के रास्ते से निकाल दिया गया है। हालांकि अब तक इसमें भी कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। पुलिस के गले चौकीदारों की कहानी नहीं उतर रही है, इसलिए अब दोनों चौकीदारों का आपराधिक रिकार्ड खंगाला गया है, लेकिन इसमें भी कोई गड़बड़ नहीं मिली है। ऐसे में पुलिस उनकी पारिवारिक प्रश्ठभूमि, निजी आदतों के बारे में पता कर रही है। जिससे कोई खास सुराग हाथ लग सके। हालांकि कोई भी पुलिस अधिकारी इस मामले में स्पष्ट रूप से कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। - एसपी ने किया निरीक्षण लूट के मामले में पड़ताल के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारी भी इसकी मानीटरिंग कर रहे हैं। खबर है कि बीती रात को पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ ने बताया अभी इस मामले में जांच चल रही है। हम सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही हर एंगल पर पड़ताल कर रहे हैं। इससे अधिक फिलहाल कुछ भी बताना संभव नहीं है।-निखिल कुमार (ब्यावरा)6/2/2026