गुना (ईएमएस)। अपराधियों पर नकेल कसने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुना पुलिस ने बीती रात पूरे जिले में एक साथ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के सशक्त नेतृत्व और दूरदर्शी रणनीति के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक ही समय पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस व्यापक सर्चिंग अभियान से जहां अपराधियों में खौफ का माहौल देखा गया, वहीं आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। अभियान की शुरुआत में सभी अनुविभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपनी-अपनी टीमों को ब्रीफ कर मैदान में उतारा। इस सघन गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने गुंडा बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों, जिला बदर अपराधियों और इनामी बदमाशों की गहन चेकिंग की। पुलिस को इस अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है, जिसके तहत विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे कुल 107 वारंटियों को सलाखों के पीछे भेजा गया। पकड़े गए आरोपियों में 43 स्थायी वारंटी और 64 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। जिले भर में हुई इस कार्रवाई में थाना वार आंकड़ों पर नजर डालें तो राघौगढ़ पुलिस ने सर्वाधिक 10 स्थाई और 11 गिरफ्तारी वारंटियों को दबोचा। इसी प्रकार सिटी कोतवाली पुलिस ने 7 स्थाई व 9 गिरफ्तारी, कैंट पुलिस ने 5 स्थाई व 10 गिरफ्तारी, फतेहगढ़ पुलिस ने 3 स्थाई व 7 गिरफ्तारी और आरोन पुलिस ने 4 स्थाई व 3 गिरफ्तारी वारंटियों पर शिकंजा कसा। अभियान के दौरान जिले के अन्य थानों ने भी प्रभावी प्रदर्शन किया। बजरंगगढ़ से 1 स्थाई व 5 गिरफ्तारी, म्याना से 1 स्थाई व 4 गिरफ्तारी, बमौरी से 1 स्थाई व 4 गिरफ्तारी, सिरसी से 2 स्थाई, विजयपुर से 1 स्थाई व 3 गिरफ्तारी, धरनावदा से 3 स्थाई व 2 गिरफ्तारी, चांचौड़ा से 3 स्थाई व 2 गिरफ्तारी, कुम्भराज से 1 स्थाई व 1 गिरफ्तारी, मृगवास से 1 स्थाई व 2 गिरफ्तारी और मधुसूदनगढ़ पुलिस ने 1 गिरफ्तारी वारंटी को पकड़ा। पुलिस अधीक्षक के इस कड़े रुख ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में शांति भंग करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में जिले के समस्त थाना प्रभारियों और उनके बल की सराहनीय भूमिका रही।।सीताराम नाटानी