क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


- सिर्फ 20 मिनट में तोड़ा पिछला कीर्तिमान कोरबा (ईएमएस) कोरबा नगर ने ऐतिहासिक 15563 हस्ताक्षर के साथ गोल्डन बुक में अपना नाम दर्ज करा एक नया कीर्तिमान बनाया हैं। इस अवसर पर कोरबा नगर निगम महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के सतत प्रयासों, उनके नेतृत्व में नगर पालिक निगम कोरबा की पूरी टीम की अथक मेहनत और कोरबा के जागरूक नागरिकों के स्वस्फूर्त सहयोग का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि नगर निगम कोरबा आयुक्त आशुतोष पांडेय का कुछ नया करने का लगातार प्रयास रहता है, जिनकी अगुआई में कोरबा को यह अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल हुई है। मैं इस सफलता पर अपने पूरे नगर निगम कोरबा की पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई एवं आभार व्यक्त करती हूं। उनकी अथक मेहनत रंग लाई और आज हमने केवल 20 मिनट में ही न केवल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त हुआ, बल्कि गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में 15 हजार 563 हस्ताक्षरों का एक नया कीर्तिमान दर्ज किया गया है। कोरबा नगर निगम ने पहले तो स्वच्छता में टाॅप -10 में शामिल होते हुए देश भर में आठवें स्थान में जगह बनाई और अब स्वच्छता की शपथ धारण करते हुए हजारों नागरिकों की सहभागिता दर्ज कराते हुए गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड हासिल किया है। इस अवसर पर निगमायुक्त आशुतोष पांडेय ने कहा कि सागर नामक एक युवक ने यह विचार उनसे पहली बार साझा करते हुए कोरबा को एक पहचान देने कुछ नया करने का आग्रह किया। इस विषय पर पिछले रिकार्ड की जानकारी भी बताई, फिर इस सुझाव पर हमने सहमति बनाते हुए काम शुरु कर दिया। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अगुआई में नगर निगम की पूरी टीम और नगर निगम कोरबा के नागरिकों की सहभागिता के बूते आज हमने अपना मिशन न केवल पूरा किया, बल्कि कोरबा का नाम इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में भी अंकित कराया है। यह जीत पूरे कोरबा के नागरिकों की है। नगर निगम कोरबा की पूरी टीम, पार्षदगण, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के औद्योगिक उपक्रमों, आम नागरिकों के साथ प्रेस/मीडिया, एनएसएस/एनसीसी, शिक्षा विभाग, विद्यालय/महाविद्यालय के छात्र, स्काउट/गाइड्स, स्वयंसेवियों, व्यापारी बंधुओं सहित प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रुप से सहयोग प्रदान करने वाली हर इकाई का उन्होंने आभार जताया। 06 फरवरी / मित्तल