क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


कवर्धा(ईएमएस)। जिले के सरोधा मार्ग पर स्कूली छात्रों की खतरनाक स्टंटबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में छात्र-छात्राएं चलती लग्जरी गाड़ियों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी और अन्य राहगीरों की जान खतरे में पड़ सकती थी। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 5 फरवरी का है। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फुटेज में लग्जरी गाड़ियों का काफिला दिखाई दे रहा है, जिसमें कुछ छात्र गाड़ियों के गेट से बाहर लटककर और कुछ सनरूफ से बाहर निकलकर मस्ती करते दिख रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, 5 फरवरी को कवर्धा के होली किंगडम स्कूल में फेयरवेल पार्टी आयोजित हुई थी। उसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुछ छात्र थार, महिंद्रा स्कॉर्पियो और सेल्टोस जैसी महंगी गाड़ियों से सरोधा मार्ग पर निकले थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये गाड़ियां रायपुर से किराए पर मंगाई गई थीं। फिलहाल पुलिस ने छात्रों और उनके अभिभावकों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 फरवरी 2026