अहमदाबाद (ईएमएस)| नरोडा क्षेत्र में स्थित मुक्तिधाम के पास अमरनाथ एस्टेट में देर रात एक अगरबत्ती कारखाने में अचानक भीषण आग लग गई।आग की घटना में किसी भी प्रकार की जानहानि नहीं हुई| दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया| प्राप्त जानकारी के मुताबिक अगरबत्ती के कारखाने में रात करीब 11.30 बजे लगी आग कुछ ही समय में विकराल रूप लेती हुई पूरे कारखाने में फैल गई। कारखाने में मौजूद ज्वलनशील अगरबत्ती सामग्री के कारण आग तेजी से फैली और उसके धुएं के घने गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे।गनीमत रही कि फैक्ट्री शाम से ही बंद थी और अंदर कोई भी कारीगर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कुल नौ फायर टेंडरों ने लगातार तीन से चार घंटे तक पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग बुझाने में फायर कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। छठी फरवरी की तड़के तक कूलिंग की प्रक्रिया जारी रखी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय कॉर्पोरेटर राजेंद्र सोलंकी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। कारखाने के आसपास 30 से अधिक रिहायशी सोसायटियां होने के कारण स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। भय के कारण कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद अब तक कारखाने के मालिक का कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आग लगने के प्राथमिक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है। सतीश/06 दिसंबर