राष्ट्रीय
06-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए उनके राज्यसभा में दिए गए भाषण को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने 97 मिनट के लंबे भाषण में विपक्ष के नेता द्वारा उठाए गए किसी भी ठोस और गंभीर मुद्दे का जवाब नहीं दिया। उन्होंने इसे झूठ का विशाल पुलिंदा करार दिया। जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री के भाषण की कड़ी आलोचना की। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे असुरक्षाओं, पूर्वाग्रहों और नफरत से भरे हुए हैं। रमेश के मुताबिक, प्रधानमंत्री जितना खुद को महान व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत करते हैं, उतना ही यह स्पष्ट होता जाता है कि वे एक अच्छे इंसान नहीं हैं और कभी हो भी नहीं सकते। कांग्रेस सांसद ने प्रधानमंत्री के 97 मिनट के भाषण को “दयनीय से भी बदतर” बताते हुए कहा कि वे अपनी ही नफरतों के कैदी बन चुके हैं। रमेश ने आरोप लगाया कि राज्यसभा में विपक्ष के प्रतिनिधि द्वारा उठाए गए किसी भी गंभीर प्रश्न पर प्रधानमंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया, बल्कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक ही सीमित रहे। अपने बयान में जयराम रमेश ने ऑपरेशन सिंदूर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत और पाकिस्तान के बीच कथित युद्धविराम को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा किए गए दावों पर प्रधानमंत्री पूरी तरह चुप हैं। रमेश ने कहा कि वाशिंगटन डीसी में प्रधानमंत्री के करीबी मित्र 10 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर को रोकने के लिए अमेरिकी हस्तक्षेप की बात बार-बार दोहरा रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री इस संवेदनशील मुद्दे पर कोई स्पष्टता नहीं दे रहे। इसके साथ ही रमेश ने चीन के मुद्दे को भी फिर से उठाया। उन्होंने जनरल एमएम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने 19 जून 2020 को पूर्वी लद्दाख में 20 से अधिक भारतीय जवानों की शहादत के बाद चीन को “क्लीन चिट” दे दी थी। रमेश के अनुसार, जैसे उस समय प्रधानमंत्री चुप रहे थे, वैसे ही अब भी वे अहम सवालों पर मौन हैं। हिदायत/ईएमएस 06फरवरी26