ट्रेंडिंग
06-Feb-2026
...


-असिस्टेंट डायरेक्टर समेत आठ लोग गिरफ्तार मुंबई,(ईएमएस)। तमिल फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस अंजू कृष्णा को ड्रग्स रखने और सप्लाई करने के आरोप में एंटी-नारकोटिक्स इंटेलिजेंस यूनिट ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में अंजू कृष्णा के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर विंसी निवेथा समेत कुल आठ लोग हिरासत में हैं। गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर यह मामला वायरल हो गया। पुलिस ने जांच की शुरुआत साउथ टीम के इंस्पेक्टर जॉनी चेल्लाप्पा द्वारा की। पहले नेसापक्कम निवासी विग्नेशवरन को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में पोरूर के कोवूर इलाके में रहने वाले वेंकटेश कुमार का नाम उजागर किया। इसके बाद पुलिस ने वेंकटेश को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। फर्जी ग्राहक के जरिए सौदा पक्का होते ही पुलिस ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान वेंकटेश की कार से ड्रग्स बरामद हुई, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में अंजू कृष्णा और विंसी निवेथा समेत आठ आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। तलाशी में पुलिस ने 6 ग्राम मेथम्फेटामाइन, 7 ग्राम ओजी गांजा, 15 ग्राम गांजा, एक स्मोकिंग बोंग, एक स्टाम्प और 9 मोबाइल फोन जब्त किए। सभी आरोपियों को मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की पड़ताल कर रही है। अंजू कृष्णा तमिल फिल्म इंडस्ट्री की पहचान रखती हैं और उन्होंने फिल्म ‘वेल्लीमलाई’ समेत कुछ मलयालम फिल्मों में काम किया है। विंसी निवेथा एक तमिल फिल्म में सहायक निर्देशक के रूप में कार्यरत रहे हैं। हाल ही में दोनों इंडस्ट्री से कुछ समय तक दूर रहे थे। यह गिरफ्तारी तमिल फिल्म इंडस्ट्री में ड्रग्स के इस्तेमाल और सप्लाई की जांच में एक बड़ा मोड़ मानी जा रही है, और अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच अभी जारी है। हिदायत/ईएमएस 06फरवरी26