राज्य
06-Feb-2026


- बुजुर्ग दंपति को बनाया निशाना भोपाल(ईएमएस)। शहर के कमला नगर थाना इलाके में अलमारी की चाबी बनाने के बहाने दो शातिर जालसाजो ने वृद्ध दंपति को झांसा देते हुए अलमारी में रखे करीब एक लाख रुपए के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया फिलहाल आरोपिया का सुराग नहीं लग सका है। मिली जानकारी के अनुसार नेहरू नगर इलाके में रहने वाले रीतेश साहू क्षेत्र में ही चाय नाश्ते की दुकान चलाते हैं। अपनी शिकायत में उन्होनें बताया की बुधवार दोपहर वह अपनी दुकान पर थे, वहीं घर में उनके वृद्ध माता-पिता मौजूद थे। इसी दौरान सरदार की वेशभूषा में दो युवक घर के बाहर आये और कहा कि वे किसी भी तरह के नए व पुराने ताले की चाबी कम दामों में तैयार कर दे सकते हैं। इन दिनो उनके घर की एक अलमारी की चाबी मिल नहीं रही थी। वृद्ध दंपत्ति ने दोनो युवकों से चाबी बनवाने की बात करने के बाद उन्हें घर के भीतर बुला लिया। अलमारी की चाबी बनाने और उसे बार-बार चैक करने के दौरान ताला खोलने के बीच ही आरोपियों ने उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया और चंपत हो गए। गायब हुए जेवरातों की कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है। बाद में जालसाजो के कारनामें की जानकारी लगने पर घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला कायम कर उनकी पहचान जुटाने के लिये घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जुनेद / 6 फरवरी