वॉशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी ऊर्जा और अनूठी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने अपनी हवाई यात्राओं से जुड़ा एक ऐसा खुलासा किया है जिसने सबको हैरान कर दिया है। एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने बताया कि वे चाहे कितनी भी लंबी उड़ान पर हों, विमान के भीतर कभी नहीं सोते। उन्होंने इसके पीछे की वजह अपने चिर-परिचित मजाकिया और बेबाक अंदाज में साझा की। ट्रंप ने मंच से कहा कि उन्हें विमान में सोना बिल्कुल पसंद नहीं है। उन्होंने हंसी के बीच एक दिलचस्प तर्क देते हुए कहा कि यात्रा के दौरान वे लगातार खिड़की से बाहर देखते रहते हैं। ट्रंप के शब्दों में, मैं खिड़की से बाहर इसलिए देखता हूँ ताकि किसी भी संभावित खतरे, दुश्मन या आती हुई मिसाइल पर नजर रखी जा सके। हालांकि यह एक मजाक था, लेकिन इसने उनके उस सतर्क स्वभाव को दर्शाया जिसके लिए वे राजनीति में मशहूर हैं। राष्ट्रपति ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान इराक की एक गुप्त और ऐतिहासिक यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि लगभग 20 घंटे के लंबे सफर के बाद भी उन्होंने आराम करने से साफ इनकार कर दिया था। वहां तैनात एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने उन्हें थकान मिटाने के लिए सोने की सलाह दी थी, लेकिन ट्रंप ने कहा कि उन्हें इसकी जरूरत नहीं है। उन्होंने तुरंत सैन्य अभियानों और आतंकवाद विरोधी ऑपरेशनों पर ब्रीफिंग लेना शुरू कर दिया। ट्रंप का मानना है कि जिम्मेदारी के पदों पर बैठे व्यक्तियों के लिए काम पहले और आराम बाद में का सिद्धांत होना चाहिए। उन्होंने उस अधिकारी की तारीफ भी की जिसने उन्हें आराम करने की पेशकश की थी, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि वे समय गंवाना पसंद नहीं करते। राष्ट्रपति का यह बयान सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है, जहाँ लोग उनके नो-स्लीप रूल और सुरक्षा को लेकर दिए गए उनके मजाकिया बयान पर अपनी प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं। वीरेंद्र/ईएमएस 07 फरवरी 2026