व्यापार
07-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय बाजार में ऑडी इंडिया ने माय औरस नामक नया इन-कार एक्सपीरियंस प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। यह प्लेटफॉर्म ड्राइविंग को एक भावनात्मक और व्यक्तिगत अनुभव में बदल देता है। ऑडी कंपनी के अनुसार यह तकनीक रोशनी, ध्वनि, तापमान और सीट कंफर्ट को एक साथ जोड़कर एक ऐसा माहौल तैयार करती है, जो ड्राइवर के मूड के अनुसार खुद को बदल लेता है। माय औरस के जरिए ड्राइवर एक ही टैप में पूरे केबिन का माहौल बदल सकता है। लाइटिंग से लेकर एयरफ्लो, म्यूजिक और क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स एक साथ सिंक हो जाते हैं, जिससे अलग-अलग सेटिंग्स को मैन्युअली एडजस्ट करने की जरूरत नहीं रहती। शांत, ऊर्जावान, उत्सव और जश्न जैसे मूड थीम्स के जरिए कार का इंटीरियर पूरी तरह उसी भावना से मेल खाने लगता है। यह प्लेटफॉर्म मल्टी-सेंसरी अनुभव पर खास ध्यान देता है। माय आडी कनेक्ट ऐप या चुनिंदा ऑडी कारों के इंफोटेनमेंट सिस्टम से इसे सीधे इस्तेमाल किया जा सकता है। ड्राइवर की मानसिक स्थिति और पसंद के आधार पर केबिन की रोशनी, तापमान, संगीत, एयरफ्लो और सीट फंक्शंस खुद ही एडजस्ट हो जाते हैं, जिससे ड्राइव और अधिक आरामदेह बन जाती है। माय औरस की खासियत एप्पल म्यूजिक का स्मार्ट इंटीग्रेशन है, जो चुने गए मूड के अनुसार प्लेलिस्ट को अपने आप सेट कर देता है। वहीं ऑडी का एडवांस एयरफ्लो मैनेजमेंट और सीटों में दिए गए हीटिंग, कूलिंग और मसाज फंक्शन इस अनुभव को और समृद्ध बनाते हैं। ऐप में रोडसाइड असिस्टेंस और सर्विस सपोर्ट जैसी सुविधाएं भी मौजूद रहती हैं। यह प्लेटफॉर्म कार ओनरशिप में एक पर्सनल टच भी जोड़ता है। यूजर अपने त्योहारों या खास मौकों के अनुसार थीम कस्टमाइज कर सकते हैं, यहां तक कि जन्मदिन पर कार अपने आप एक विशेष मोड में बदल जाती है, जिससे सफर जश्न जैसा महसूस होता है। ऑडी माय औरस को धीरे-धीरे ए4, ए6, क्यू3, क्यू5, क्यू7, क्यू8, आरएस क्यू8 और क्यू8 ई-ट्रोन जैसे मॉडल्स में शामिल करेगी। यह फीचर खासतौर पर आईफोन यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है और 2024 मॉडल ईयर के बाद की चुनिंदा ऑडी कारों में उपलब्ध रहेगा। ऑडी माय औरस को केवल आराम का फीचर नहीं बल्कि वेलनेस प्लेटफॉर्म मानती है। लगातार सेटिंग्स बदलने की झंझट कम होने से लंबी यात्राएं और रोजमर्रा की ड्राइव अधिक सहज और सुकूनभरी हो जाती है। सुदामा/ईएमएस 07 फरवरी 2026