अंतर्राष्ट्रीय
07-Feb-2026
...


अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- स्टाफ की गलती से वीडियो हुआ शेयर, माफी नहीं मांगूगा वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया ट्रूथ से पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा का वीडियो डिलीट कर दिया है। इस वीडियो में ओबामा और मिशेल को जंगल में प्राइमेट्स यानी बंदर के रूप में दिखाया गया था। हालांकि ट्रम्प ने सफाई देते हुए माफी मांगने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मैंने शुरुआत देखी वो ठीक थी। इसके बाद उन्होंने इसे किसी स्टाफ को भेज दिया, जिन्हें पूरा वीडियो देखना चाहिए था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ट्रम्प का दावा है कि स्टाफ ने वीडियो के अंतिम छोटे हिस्से को मिस कर दिया, जिसमें आपत्तिजनक सामग्री थी। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी मिली, वीडियो हटा दिया। ट्रम्प ने स्पष्ट रूप से माफी मांगने से इनकार करते हुए कहा कि नहीं, मैंने कोई गलती नहीं की। हालांकि, उन्होंने नस्लवादी हिस्से की निंदा की। व्हाइट हाउस ने कहा कि यह पोस्ट एक स्टाफ की गलती से शेयर हो गई थी। इसके कुछ घंटे पहले प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा था कि पोस्ट में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है। वीडियो को लेकर ओबामा ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। यह वीडियो ट्रम्प के उन कई पोस्ट्स में से एक था, जिनमें उन्होंने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में धांधली का दावा किया था। करीब एक मिनट के वीडियो में उन्होंने कहा कि 2020 के चुनाव में बैलेट गिनने वाली कंपनी डोमिनियन वोटिंग सिस्टम्स ने ट्रम्प के खिलाफ गड़बड़ी की थी। वीडियो के आखिर में कुछ सेकंड के लिए ओबामा दंपती के चेहरे बंदरों के शरीर पर दिखाए जाते हैं। उसी दौरान बैकग्राउंड में द लायन स्लीप्स टुनाइट गाना बजता है। यह सीन एक अलग इंटरनेट मीम वीडियो से लिया गया था, जिसे पहले भी एक प्रभावशाली कंजर्वेटिव मीम मेकर ने फैलाया था। उस वीडियो में ट्रम्प को ‘जंगल का राजा’ और डेमोक्रेट नेताओं को जानवरों के रूप में दिखाया था। रिपोर्ट के मुताबिक बराक ओबामा के करीबी और पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बेन रोड्स ने इसे लेकर ट्रम्प के इतिहास का काला धब्बा बताया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अमेरिकी लोग ओबामा दंपती को सम्मानित शख्सियतों के तौर पर याद करेंगे, जबकि ट्रम्प को इतिहास के एक काले अध्याय की तरह पढ़ा जाएगा। यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिका में ब्लैक हिस्ट्री मंथ चल रहा है। कुछ दिन पहले ही ट्रम्प ने एक आधिकारिक घोषणा में अश्वेत अमेरिकियों के योगदान और आजादी, न्याय और समानता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की बात कही थी। बता दें यह पहली बार नहीं है जब ट्रम्प ने इस तरह का वीडियो पोस्ट किया हो। पिछले साल उन्होंने एक एआई वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें बराक ओबामा को ओवल ऑफिस में गिरफ्तार होते और जेल में दिखाया था। बाद में उन्होंने एक और एआई वीडियो पोस्ट किया, जिसमें अश्वेत नेता हकीम जेफ्रीज को नकली मूंछ और सोमब्रेरो पहने दिखाया था। बराक ओबामा अमेरिका के इतिहास के इकलौते अश्वेत राष्ट्रपति हैं। उन्होंने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रम्प की विरोधी कमला हैरिस का समर्थन किया था। सिराज/ईएमएस 07फरवरी26 -----------------------------------