खेल
07-Feb-2026
...


14 साल की उम्र में ऐसा आत्मविश्वास दुर्लभ नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी की जमकर सराहना की है। उनकी 175 रन की शतकीय पारी ने भारत को 411/9 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया और टीम ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब अपने नाम किया। 14 वर्षीय वैभव ने सिर्फ 80 गेंदों में यह धुआंधार पारी खेली, जिसमें 30 से ज्यादा चौके-छक्के शामिल थे। चोपड़ा ने उनकी पारी को अद्भुत बताते हुए कहा, “वैभव सूर्यवंशी 26वें ओवर में आउट हुए और तब टीम का स्कोर 250 के आसपास था। इनमें से अकेले 175 रन उनका योगदान था। यह किसी भी स्तर पर असाधारण है। उनकी पारी ने साफ दिखा दिया कि इस बच्चे में कितना गजब का टैलेंट है। भारतीय अंडर-19 खिलाड़ी लगातार स्टैंडर्ड को ऊंचा कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि वैभव हर गेंद को छक्के के लिए नहीं खेलते, कुछ गेंदों पर चूक भी होती है, लेकिन उनकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि वे पिछली गेंद को भूलकर अगली गेंद पर फोकस कर लेते हैं। फाइनल जैसे हाई-प्रेशर मैच में उनका यह आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती उन्हें अलग स्तर का खिलाड़ी बनाती है। पूर्व क्रिकेटर चोपड़ा ने आगे कहा, “कहा जाता है कि हुनर जन्मजात होता है, लेकिन उसे तराशने की क्षमता भी जरूरी है। वैभव की मानसिकता इस बात का उदाहरण है कि उन्हें विश्वास है कोई उन्हें रोक नहीं सकता। अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल हो या इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल, दोनों मैचों में उन्होंने अकेले दम पर मैच का रुख बदला है। 14 साल की उम्र में इस तरह का आत्मविश्वास बेहद दुर्लभ है और यह बताता है कि भारत का क्रिकेट भविष्य कितना शानदार होने वाला है।” डेविड/ईएमएस 07 फरवरी 2026