- छुट्टी के दौरान की थी फर्जी रेड नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस ने मिजोरम कैडर के आईपीएस शंकर चौधरी के खिलाफ धोखाधड़ी और बंधक बनाने का मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने छुट्टी के दौरान बिना अनुमति के छापेमारी की और एक विदेशी नागरिक को अवैध रूप से कैद रखा। दिल्ली पुलिस ने एक आईपीएस अधिकारी के खिलाफ बेहद गंभीर मामले में एफआईआर दर्ज की है। मामला 2023 का है, जब मिजोरम कैडर के एक एसपी ने दिल्ली में बिना किसी अनुमति के फर्जी छापेमारी को अंजाम दिया। विजिलेंस जांच में खुलासा हुआ है कि अफसर ने न सिर्फ नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि एक विदेशी नागरिक को अवैध तरीके से हिरासत में भी रखा। आरोपी आईपीएस अफसर की पहचान शंकर चौधरी के रूप में हुई है, जो उस वक्त मिजोरम में एसपी नारकोटिक्स थे। रिपोर्ट के मुताबिक, वे दिल्ली में छुट्टी पर आए थे और उनकी छुट्टी 20 नवंबर 2023 को खत्म हो चुकी थी। इसके बावजूद, उन्होंने दिल्ली पुलिस मुख्यालय या मिजोरम सरकार को बिना बताए 21 से 29 नवंबर के बीच डाबरी-बिंदापुर इलाके में छापेमारी की। एफआईआर में सीसीटीवी फुटेज का हवाला दिया गया है, जो बेहद चौंकाने वाला है। 26 नवंबर की रात 3:34 बजे शंकर चौधरी एक नाइजीरियाई नागरिक के घर में घुसे। करीब दो घंटे बाद सुबह 5:40 बजे वे वहां से एक लॉकर और दो बैग लेकर निकले। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान न तो कोई सीजर मेमो बनाया गया और न ही जब्त सामान की कोई लिस्ट तैयार की गई। यह सामान कभी सरकारी मालखाने में जमा भी नहीं कराया गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/07/फरवरी/2026