जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले में पुलिस ने एक संगठित अंतरजिला गिरोह का खुलासा करते हुए ट्रांसफार्मर, कॉपर और एल्युमिनियम केबल चोरी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी की गई सामग्री और दो वाहन बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹17,30,000 बताई गई है। गिरोह के आरोपियों ने चोरी के माल को परिवहन करने के लिए बोलेरो वाहन को एम्बुलेंस का रूप देकर पुलिस और आम जनता को भ्रमित किया। बरामद की गई सामग्री में शामिल हैं: ट्रांसफार्मर,कॉपर और एल्युमिनियम वायर,लोहे के एंगल,04 मोबाइल फोन,छोटा हाथी वाहन (CG-10 AS-5452),बोलेरो एम्बुलेंस (CG-10 AT-5255),कटर मशीन ब्लेड, पाना-पेचिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य आरोपी अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी (26), संतोष भास्कर (38), वीरेंद्र सुमन (39), राज आर्यन वानी उर्फ छोटू वानी (20), अमन रात्रे (20) और राज आर्यन उर्फ रोहित वानी (21) शामिल हैं। सभी आरोपी थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर के निवासी हैं। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। 13-14 जनवरी 2026 को रोड दुरपा के पास स्थित ट्रांसफार्मर से लगभग 230 किलो कॉपर चोरी हुई थी। इसके बाद 22 जनवरी को लोहर्सी क्षेत्र से लगभग 200 किलो कॉपर वायर चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले ट्रांसफार्मरों की रेकी करते, मोबाइल से फोटो लेकर योजना बनाते और रात के समय पिक-अप या एम्बुलेंस बनी बोलेरो से चोरी को अंजाम देते थे। चोरी के बाद कॉपर वायर को मुख्य आरोपी अमर बाबू के कबाड़ में बेच दिया जाता था। गिरोह ने मुलमुला, अकलतरा, बलौदाबाजार और बिलासपुर जिलों में 10 से अधिक वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी बलौदाबाजार-भाटापारा और बिलासपुर में चोरी के मामले दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते आरोपियों पर धारा 111 BNS (संगठित अपराध) भी जोड़ी गई। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 फरवरी 2026