क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। रायपुर कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन के अंतर्गत थाना गंज पुलिस द्वारा विगत 24 घंटों के दौरान महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों में त्वरित, संवेदनशील एवं विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए सराहनीय कार्य किया गया है। गंज थाना पुलिस ने न केवल गंभीर महिला अपराधों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की, बल्कि पीड़ित महिलाओं एवं उनके परिजनों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए गोपनीयता, विश्वास एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। थाना गंज में दर्ज विभिन्न महिला संबंधी अपराधों की शिकायतों पर तत्परता से संज्ञान लेते हुए पुलिस द्वारा तकनीकी एवं पारंपरिक पतासाजी के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की गई। इन प्रकरणों में विवाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण जैसे गंभीर आरोप शामिल थे, जिनमें पुलिस द्वारा संवेदनशीलता के साथ साक्ष्य संकलन कर विधि अनुसार प्रभावी कार्रवाई की गई। एक प्रकरण में आरोपी के जिले से बाहर होने की जानकारी प्राप्त होने पर थाना गंज पुलिस द्वारा तत्काल विशेष टीम गठित कर अंतर-जिला समन्वय स्थापित किया गया तथा आरोपी को रायगढ़ जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। लिव-इन रिलेशनशिप से संबंधित एक अन्य प्रकरण में महिला के साथ मारपीट की सूचना पर तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिससे पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी। थाना गंज क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सघन तलाश अभियान चलाया गया। परिणामस्वरूप बालिका को 24 घंटे के भीतर सुरक्षित दस्तयाब कर उसके कथन के पश्चात परिजनों के सुपुर्द किया गया। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/7 फरवरी 2026