रायपुर (ईएमएस)। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र को विकास के क्षेत्र में एक आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ विधायक राजेश मूणत निरंतर सक्रिय हैं। इसी क्रम में आज उन्होंने क्षेत्रवासियों को 3 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इन कार्यों में सड़क निर्माण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इस अवसर पर नगर पालिक निगम रायपुर के सभापति श्री सूर्यकांत राठौर, जोन क्रमांक 1 के समस्त पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। खमतराई, ठक्कर बापा, नेताजी कन्हैयालाल बाजारी एवं तिलक नगर वार्डों में ₹2.34 करोड़ की लागत से डामरीकरण एवं कंक्रीटीकरण कार्यों का भूमिपूजन करते हुए विधायक मूणत ने कहा कि सड़कों का सुदृढ़ीकरण क्षेत्र के समग्र विकास की नींव है। उन्होंने बताया कि धूल-मुक्त वातावरण: डामरीकरण से धूल की समस्या समाप्त होगी, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य, विशेषकर श्वसन रोगों में कमी आएगी। कीचड़ और जलभराव से मुक्ति: कंक्रीटीकरण से वर्षा ऋतु में होने वाली कीचड़ और गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी। व्यापार और यातायात को गति: बेहतर सड़कों से आवागमन सुगम होगा और स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी। क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए विधायक मूणत ने घोषणा की कि संत रविदास वार्ड में 100 बिस्तर का अत्याधुनिक अस्पताल शीघ्र ही बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि चिन्हांकन हो चुका है तथा सभी प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं। जल्द ही भूमिपूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही नेताजी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड में ₹38.45 लाख की लागत से निर्मित तीन ओपीडी कक्ष एवं दवा वितरण केंद्र का आज लोकार्पण किया गया। इससे क्षेत्रवासियों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। श्री मूणत ने बताया कि क्षेत्र में महिलाओं एवं बच्चों के लिए ‘महतारी सदन’ (अत्याधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र) का निर्माण किया जा रहा है। एक अन्य आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिसका लोकार्पण शीघ्र किया जाएगा। इसके अतिरिक्त वीर शिवाजी वार्ड स्कूल में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्षों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं बैठने की सुविधा प्राप्त होगी। नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि विधायक राजेश मूणत का विजन केवल वर्तमान तक सीमित नहीं है, बल्कि अगले 20 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकास की रूपरेखा तैयार की जा रही है। 100 बिस्तर का अस्पताल और सड़कों का विस्तृत जाल इस बात का प्रमाण है कि विकास अब केवल कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई दे रहा है। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों द्वारा नाली निर्माण एवं सफाई व्यवस्था की शिकायतें सामने आने पर श्री मूणत ने सख्त रुख अपनाते हुए मंच से ही जोन आयुक्त क्रमांक 1 को निर्देश दिए कि अधिकारी टीम तत्काल क्षेत्र का सर्वे करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि 48 घंटे के भीतर नई नालियों के निर्माण का प्राक्कलन (एस्टिमेट) तैयार किया जाए, सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जनता को समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/7 फरवरी 2026