मुंगेर, (ईएमएस)। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम (एमडीए) के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सामान्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवगत कराया गया कि एमडीए कार्यक्रम दिनांक 10 फरवरी से प्रारंभ किया जाएगा। जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि पब्लिक डिस्ट्रिब्यूशन सिस्टम (जन वितरण प्रणाली) के अंतर्गत आने वाले सभी लाभार्थियों को एमडीए की दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही, नगर निगम के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को इस कार्य में सक्रिय रूप से लगाया जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रह जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि सभी विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों को एमडीए कार्यक्रम के संबंध में सेंसिटाइज किया जाए, ताकि वे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के माध्यम से समुदाय में जागरूकता फैलाने में सहयोग कर सकें। इसके अतिरिक्त, जीविका के सहयोग से समुदाय स्तर पर जनजागरूकता एवं दवा सेवन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि दिनांक 10 फरवरी को वे स्वयं एमडीए की दवा का सेवन करेंगे तथा आमजनों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित करेंगे, जिससे जनविश्वास को सुदृढ़ किया जा सके। इसके अतिरिक्त, यह निर्णय लिया गया कि दिनांक 11 फरवरी को विशेष मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग एमडीए की दवा का सेवन कर सकें और शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित हो सके। बैठक में सिविल सर्जन डॉ.राजू, डीवीबीडीसीओ डॉ.राम प्रवेश, डॉ.ध्रुव कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, मुख्य विकास पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, फैजान सर, जिले के सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन, पिरामल फाउंडेशन, शिक्षा विभाग एवं आईसीडीएस के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सहित वेक्टर बॉर्न डिजीज कार्यक्रम से जुड़े सभी संबंधित पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित सभी विभागों को अपने-अपने स्तर से पूर्ण सहयोग प्रदान करने एवं एमडीए कार्यक्रम को जनसहभागिता के साथ सफल बनाने का निर्देश दिया गया। संतोष झा- ०७ फरवरी/२०२६/ईएमएस