- बच्चों को दी गई जीवन रक्षक जानकारी कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत कुदमुरा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय में सर्प संरक्षण एवं सर्पदंश जागरूकता को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नोवा नेचर वेलफेयर सोसाइटी और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें मद्रास क्रोकोडाइल बैंक ट्रस्ट एवं यूएसवी प्राइवेट लिमिटेड (सीएसआर) सहयोगी संस्था के रूप में सहभागी रहे। कार्यक्रम के दौरान विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सांपों की पहचान, उनकी पारिस्थितिकीय भूमिका, सुरक्षित रेस्क्यू प्रक्रिया तथा सर्पदंश की स्थिति में प्राथमिक उपचार की वैज्ञानिक जानकारी दी। साथ ही सर्पदंश से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए सही और सुरक्षित व्यवहार अपनाने पर जोर दिया गया। पीपीटी और डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से बच्चों को सांपों एवं अन्य वन्य जीवों के महत्व को सरल और रोचक तरीके से समझाया गया। रेस्क्यू प्रमुख जितेंद्र सारथी ने पीपीटी प्रस्तुति के जरिए विषैले और विषहीन सांपों की पहचान, सर्पदंश होने की स्थिति में क्या करें और क्या न करें, इसकी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अंधविश्वास से दूर रहने और वैज्ञानिक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में करीब 200 से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सहभागिता कर महत्वपूर्ण जीवन रक्षक जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सांपों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना और सर्पदंश जैसी आपात परिस्थितियों में सही व वैज्ञानिक व्यवहार के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चक्रवर्ती, एन.सी. पटेल, राजीव आदित्य, के.जे. तुर्की, बी.एन. पटेल, हर्षिता साहू, नशीम खान, एन.के. पटेल, पवन दास, रेस्क्यू प्रमुख जितेंद्र, वनस्पति विशेषज्ञ सुश्री प्रियंका नेताम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। 07 फरवरी / मित्तल