बांदा (ईएमएस)। यूपी के बांदा जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव में पांच दिनों से लापता 11 वर्षीय बालक सत्यवीर का शव शनिवार को सरसों के खेत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के मुताबिक मुरवल गांव निवासी राकेश वर्मा का 11 वर्षीय पुत्र सत्यवीर बीती दो फरवरी को अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने कई दिनों तक उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने बबेरू कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। प्रथम दृष्टया जांच के दौरान बबेरू कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह को पता चला कि सत्यवीर नशे का आदी था और उसने गांव के ही एक घर में करीब तीन हजार रुपये की चोरी की थी। इस घटना के बाद सत्यवीर की मां कमलेश वर्मा ने उसकी पिटाई भी की थी। इसके बाद सत्यवीर ने अपनी मां से कहा था कि वह शायद उसका चेहरा दोबारा न देख पाए। शनिवार की सुबह जब कुछ स्थानीय लोग खेत की ओर गए तो उन्होंने सरसों के खेत में एक शव पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना बबेरू पुलिस और सत्यवीर के परिजनों को दी। दिवंगत बालक के पिता राकेश वर्मा ने अपने बेटे की हत्या का आरोप गांव के ही कुछ साथियों पर लगाया है। वहीं, बबेरू कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि मौत कई दिनों पहले होने की आशंका है। क्योंकि शव काफी सड़ गया था और उसमें कीड़े भी पड़ गए थे। उन्होंने कहा कि मौत की वजह का अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या।