क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


मेरठ (ईएमएस)। मेरठ के नौचंदी थाना से करीब 50 मीटर दूरी पर जैदी फार्म गली नंबर के बाहर बाइक और स्कूटी पर सवार पांच-छह हमलावरों ने शुक्रवार शाम करीब चार बजे सरेआम स्क्रैप कारोबारी असलम (35) की हत्या कर दी। आरोपियों ने उसके साथी शोएब (22) को गोली मारकर घायल कर दिया। बताया जाता है कि डेढ़ वर्ष पूर्व हुए अरशद हत्याकांड का बदला लेने के लिए आरोपियों ने वारदात की। असलम अरशद की हत्या के मामले में तीन महीने पहले ही जेल से जमानत पर छूटकर आया था। उसके पिता इमरान ने नौचंदी थाने आठ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। एक आरोपी समीर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीन टीम अन्य आरोपियों की तलाश में लगी है। नौचंदी थाना अंतर्गत जैदी फार्म की गली नंबर दो निवासी स्क्रैप कारोबारी असलम शुक्रवार शाम चार बजे जैदी फार्म की गली नंबर-एक निवासी कपड़े का कारोबार करने वाले अपने दोस्त शोएब से मिलने आया था। दोनों गली नंबर एक के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी वहां बाइक व स्कूटी से पांच-छह हमलावर पहुंचे। उन्होंने असलम को टारगेट कर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान करीब चार गोलियां असलम के कमर, पेट, सीने और सिर में लगी, जबकि एक गोली शोएब के बाएं कंधे पर लगी। वारदात के बाद हमलावर भाग गए। वारदात के बाद मौके पर भीड़ लग गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर असलम व शोएब को गढ़ रोड पर स्थित लोकप्रिय अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से असलम की नाजुक हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया था। वहां पहुंचने पर असलम की मौत हो गई। परिजन रात करीब 11 बजे शव लेकर वापस मेरठ आ गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। जितेन्द्र 07 फरवरी 2026