क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


हरदोई (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के सुरसा क्षेत्र में शनिवार सुबह डंपर की चपेट में आने से भाई-बहन समेत तीन लोगों की मृत्यु हो गयी। मौरंग उतार कर जा रहे डंपर ने सामने से आ रहे बाइक सवार भाई-बहन और उनकी मौसी को टक्कर मारते हुए कुचल दिया, जिससे तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। इस तरह का हादसा शनिवार की सुबह बिलग्राम रोड सुरसा थाने के फार्मपुरवा ढ़ोलिया चौराहे के पास होना बताया गया है। बताया गया है कि सुरसा थाने के फतिहापुर निवासी अरविंद अवस्थी के तीन बेटों में सबसे छोटा 21 वर्षीय आदर्श अवस्थी नोएडा में एक मोबाइल कंपनी में टेक्निशियन था, 25 वर्षीय इकलौती बेटी मधु अवस्थी शहर में रह कर पढ़ाई करने के साथ ट्यूशन पढ़ाती थी। बता दें कि 12 फरवरी को अरविंद अवस्थी के भतीजे प्रभात अवस्थी की शादी और शुक्रवार को गांव में उसका तिलक था, आदर्श अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए गुरुवार को गांव आया था, शुक्रवार को तिलक में शामिल होने उसकी 45 वर्षीय मौसी कामिनी अवस्थी पत्नी शिवाकांत अवस्थी निवासी बावन चुंगी कोतवाली शहर भी गांव में थी। परीक्षा देने के लिए मधु को लखनऊ जाना था, शनिवार की सुबह वह भाई आदर्श के साथ बाइक से शहर आ रही थी, उसी बीच घर आने के लिए मौसी कामिनी भी उन दोनों के साथ बाइक पर सवार हो गई। रास्तें में फार्मपुरवा ढ़ोलिया चौराहे के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे डंपर ने टक्कर मारी और तीनों को कुचलते हुए निकल गया, सुबह-सुबह हुए दर्दनाक हादसा देख वहां इधर-उधर खड़े लोग चिल्लाने लगे, आनन-फानन में पहुंची पुलिस उन तीनों को उठा कर मेडिकल कालेज ले गयी लेकिन वहां पहुंचते ही तीनों की मौत हो गई।