राज्य
07-Feb-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। राजगढ़ जिले में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला छापीहेड़ा क्षेत्र का है, जहां घर के आंगन में खेल रही महज डेढ़ साल की मासूम बच्ची को आवारा कुत्तों के झुंड ने अपना शिकार बना लिया। कुत्तों के इस जानलेवा हमले में बच्ची बुरी तरह जख्मी हो गई, जिसे गंभीर हालत में शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। चीख-पुकार सुनकर दौड़ी मां, मुंह से छीन लाई बेटी घटना शनिवार की है जब डेढ़ वर्षीय भव्या अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी अचानक तीन आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर काम कर रही मां बदहवास होकर बाहर दौड़ी। वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। मां ने हिम्मत दिखाते हुए कुत्तों को भगाया और अपनी बेटी को उनके चंगुल से छुड़ाया। सिर और चेहरे पर गहरे जख्म, स्थिति नाजुक परिजन बच्ची को लेकर पहले छापीहेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन वहां उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे तत्काल शाजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शाजापुर जिला अस्पताल के डॉ. अरुण पाटीदार ने बताया कि जब बच्ची को यहां लाया गया, तो उसकी हालत काफी गंभीर थी। कुत्तों ने बच्ची के सिर और चेहरे पर गहरे घाव किए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया गया है और मेडिकल टीम लगातार उसकी सेहत पर नजर रख रही है। पहले भाई को भी बना चुके हैं शिकार परिजनों ने बताया कि इलाके में कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि बच्चे सुरक्षित नहीं हैं। इससे पहले भव्या के बड़े भाई पर भी आवारा कुत्तों ने हमला किया था, जिसके बाद उसका इलाज करवाना पड़ा था। एक ही परिवार में यह दूसरी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति रोष और बच्चों की सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है।