मण्डला (ईएमएस)। मंडला जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गिठार में शुक्रवार देर रात नल जल योजना की पाइपों में आग लग गई। इस घटना में लगभग 8 से 10 लाख रुपए मूल्य की पाइपें जलकर नष्ट हो गईं।बताया जा रहा है कि ग्राउंड में रखी पाइपों के पास लगा बिजली का खंभा अचानक गिर गया। इससे हुए शॉर्ट सर्किट के कारण पाइपों में आग भड़क उठी। आग लगते ही पाइप तेजी से जलने लगीं। स्थानीय ग्रामीणों ने आग का गुबार उठता देख तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक ग्राउंड में रखी अधिकांश पाइपें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं।पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री मनोज भास्कर ने बताया कि ग्राम गिठार में नल जल योजना का कार्य प्रगति पर है। ठेकेदार द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए ये पाइप्स ग्राउंड में रखी गई थीं। उन्होंने आशंका जताई कि रात के समय बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। घटना की सूचना संबंधित विभागों को दे दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।