07-Feb-2026
...


फरीदाबाद (ईएमएस)।हरियाणा के फरीदाबाद जिले में आयोजित सूरजकुंड मेला के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा झूला अचानक टूट गया, जिससे वहां भीड़ में हड़कंप मच गया। हादसे के वक्त झूले के आस-पास मौजूद कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की बचाव के दौरान मौत हो गई। डीसी आयुष सिंह ने बताया कि हादसे में कुल 13 लोग घायल हुए हैं जिनमें से एक की मौत हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झूला टूटते ही चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जवान घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। इस दर्दनाक हादसे में 13 लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त, पर्यटन विभाग के एमडी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। प्रशासन ने पूरे इलाके की बैरिकेडिंग कर दी ताकि और किसी अनहोनी से बचा जा सके और राहत कार्य में कोई बाधा न आए। घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री सैनी ने किया दुख प्रकट हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सूरजकुंड मेले में हुए हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा कि इस हादसे में जो व्यक्ति अपनी जान गंवाया है, उसके परिवार के प्रति उनकी हार्दिक संवेदनाएं हैं। साथ ही, उन्होंने घायल लोगों के उचित और त्वरित इलाज के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी किए हैं।