नई दिल्ली (ईएमएस)। टी20 विश्व कप 2026 के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड को तीन विकेट से हराकर टूर्नामेंट की विजयी शुरुआत की। यह जीत हालांकि पाकिस्तान के लिए आसान नहीं थी। 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने शुरुआत अच्छी की और दस ओवर में दो विकेट पर 90 रन बना लिए थे, लेकिन मध्यक्रम के लगातार विफल होने से मैच बेहद रोमांचक हो गया। 16.1 ओवर में पाकिस्तान का स्कोर सात विकेट पर 114 रन था और उसे जीत के लिए 34 रन चाहिए थे। मैदान पर संकट की इस घड़ी में फहीम अशरफ ने एक बार फिर साबित किया कि वे बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। 11 गेंदों पर नाबाद 29 रन की उनकी आतिशी पारी ने मैच का पूरा रुख बदल दिया। 19वें ओवर में लोगान वान बीक की गेंद पर उन्होंने तीन लंबे छक्के और एक चौका लगाकर 24 रन बटोरे, जिससे मैच पूरी तरह पाकिस्तान की ओर झुक गया। आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर मारा गया फहीम का चौका पाकिस्तान को तीन गेंद शेष रहते जीत दिला गया। उनकी इसी दमदार पारी के लिए उन्हें टी20 विश्व कप 2026 का पहला प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। फहीम को 19वें ओवर में बड़ा जीवनदान भी मिला, जब ओडाउड ने उनका कैच तब छोड़ा जब वे केवल सात रन पर थे। यह गलती नीदरलैंड को मैच गंवाने की सबसे बड़ी वजह साबित हुई। पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान ने 31 गेंद पर 47 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि सईम अयूब ने 13 गेंद में 24 रन बनाए। कप्तान बाबर आजम इस मैच में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे और 18 गेंद पर केवल 15 रन बनाकर आउट हो गए। नीदरलैंड की ओर से पॉल वान मीकेरेन ने शानदार गेंदबाजी की और फरहान व उस्मान खान को एक ही ओवर में आउट किया। अगली ही ओवर में बाबर का विकेट गिरा और पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ती गईं। आखिरी पांच ओवर में 37 रन और सात विकेट गिर चुके थे, लेकिन फहीम अशरफ ने दबाव झेलते हुए टीम को जीत की राह पर लौटा दिया। मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा भारत के खिलाफ 15 फरवरी का मैच न खेलने का फैसला टीम की तैयारियों पर असर डाल रहा था, लेकिन मैदान पर खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत सुनिश्चित की। इस मुकाबले ने टूर्नामेंट की शुरुआत धमाकेदार कर दी और फहीम अशरफ को रातों-रात विश्व कप का पहला स्टार बना दिया। डेविड/ईएमएस 08 फरवरी 2026