मनोरंजन
08-Feb-2026
...


हैदराबाद (ईएमएस)। साउथ फिल्म इंडस्ट्री की उभरती अभिनेत्री पायल राजपूत का कहना है कि इंडस्ट्री में कुछ लोग उन्हें एक्टिंग छोड़ने के लिए मजबूर करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वह पीछे हटने वाली नहीं हैं। पायल राजपूत ने एक बार फिर अपने संघर्ष, दृढ़ता और मजबूत इरादों को खुलकर रखा है। पायल का कहना है कि कठिन समय ने भले ही उन्हें हिलाया हो, लेकिन तोड़ा नहीं। पायल ने एक्स पर लिखते हुए कहा, “वे चाहते हैं कि मैं छोड़ दूं। कई बार मैं खुद से सवाल करती हूं कि क्या मुझे रुक जाना चाहिए। लेकिन फिर मैं पिछले 12 सालों की अपनी कड़ी मेहनत को याद करती हूं। तब मैं खुद से कहती हूं नहीं, मैं फेल हो सकती हूं, लेकिन हार नहीं मानूंगी।” उनका यह बयान उन सभी कलाकारों के दिल से जुड़ता है, जो संघर्ष के दौर से गुजर रहे हैं। नेपोटिज्म और फेवरेटिज्म जैसे मुद्दों पर पायल पहले भी बेबाक रुख अपनाती रही हैं। उन्होंने अपने पिछले पोस्ट में लिखा था कि एक्टर बनना सबसे कठिन करियर में से एक है, क्योंकि यहां हर दिन अनिश्चितता से भरा होता है। उनके अनुसार अक्सर टैलेंट के ऊपर बड़े सरनेम, मजबूत कनेक्शन और पावरफुल एजेंट्स हावी हो जाते हैं। इस वजह से कई बार वे सोचने पर मजबूर हो जाती हैं कि उनकी मेहनत इस सिस्टम में पहचानी जाएगी भी या नहीं। उन्होंने कहा था कि अवसर अक्सर उन्हीं लोगों के पास चला जाता है जिनके पास प्रभावशाली पहचान या बैकग्राउंड होता है। इसके बावजूद पायल ने अपनी हिम्मत नहीं खोई और उम्मीद बनाए रखी। उन्होंने कहा था कि वे सिर्फ अपने टैलेंट और लगन पर भरोसा करती हैं और यही उन्हें आगे बढ़ने की शक्ति देता है। इस बीच पायल के पास कई दिलचस्प प्रोजेक्ट्स हैं। वह मशहूर निर्देशक मुनि की तेलुगू फिल्म ‘वेंकटलक्ष्मी’ में नजर आएंगी, जिसे तेलुगू, तमिल और हिंदी—तीनों भाषाओं में रिलीज करने की योजना है। इसके अलावा वह तमिल के बड़े बजट की एक अनटाइटल्ड फिल्म में भी काम कर रही हैं, जिसका निर्देशन आर.एस. दुरई सेंथिलकुमार कर रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग का पहला फेज चेन्नई में पूरा हो चुका है और यह सच्ची घटनाओं से प्रेरित एक रोमांचक एक्शन-ड्रामा बताया जा रहा है। फिल्म में संगीत जिब्रान का है, सिनेमैटोग्राफी एस. वेंकटेश कर रहे हैं, जबकि एडिटिंग प्रदीप और आर्ट डायरेक्शन दुरईराज संभाल रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 08 फरवरी 2026