राष्ट्रीय
08-Feb-2026
...


नई दिल्ली(ईएमएस)। भारत के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और सब-ट्रॉपिकल पश्चिमी जेट स्ट्रीम के सक्रिय होने से देश के कई राज्यों में मौसम की गतिविधियों में बदलाव देखा जाएगा। इसके प्रभाव से कहीं तेज हवाएं चलेंगी, तो कहीं बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो से तीन दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही पहाड़ी इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है और सड़क व हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 9 से 11 फरवरी के बीच मौसम बिगड़ने के आसार हैं। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 8 फरवरी की रात से सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 10 फरवरी को इन राज्यों के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई है। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को ऊंचे इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। उत्तर भारत के कुछ राज्यों में घने कोहरे और कोल्ड डे (ठंडा दिन) जैसी स्थिति बनी रह सकती है। विशेष रूप से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के मैदानी व घाटी वाले इलाकों में सुबह और रात के समय विजिबिलिटी काफी कम रह सकती है। कोहरे के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों और उड़ानों के समय में भी देरी होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा हाल? राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। रविवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध महसूस की जा सकती है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। आने वाले पूरे हफ्ते में दिल्ली-एनसीआर में किसी बड़े मौसमी उलटफेर की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और शाम की ठंड बरकरार रहेगी। न्यूनतम तापमान को लेकर आईएमडी का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक पारे में कोई खास गिरावट या बढ़ोतरी नहीं होगी। हालांकि, इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि देखी जा सकती है। मध्य भारत में भी दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान बढ़ने के आसार हैं, जबकि पूर्वी भारत में अगले चार दिनों तक तापमान स्थिर रहने के बाद धीरे-धीरे बढ़ेगा। कुल मिलाकर, फरवरी का दूसरा सप्ताह देश के उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के लिए मिश्रित मौसमी प्रभाव वाला रहने वाला है। वीरेंद्र/ईएमएस/08फरवरी2026