मुंबई,(ईएमएस)। महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव नगर निगम कार्यालय में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। क्षमता से अधिक लोगों से भरी एक लिफ्ट का केबल टूट गया, जिससे लिफ्ट पांचवीं मंजिल से तेजी से नीचे आई और ग्राउंड व पहली मंजिल के बीच में अटक गई। लिफ्ट में कुल 18 लोग सवार थे। घटना के समय लिफ्ट में आईएसएलएएम पार्टी के अध्यक्ष आसिफ शेख भी मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अधिकारियों के अनुसार, मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के बाद आसिफ शेख अपने समर्थकों के साथ चौथी मंजिल से नीचे आ रहे थे। इसी दौरान उनसे प्रतिक्रिया लेने के लिए कुछ पत्रकार भी लिफ्ट में सवार हो गए, जिसके बाद उनके समर्थक भी अंदर घुस गए। लिफ्ट की निर्धारित क्षमता 10 लोगों की थी, लेकिन उसमें 18 लोग सवार हो गए। अधिक भार के कारण लिफ्ट का केबल टूट गया। अधिकारियों ने बताया कि यदि लिफ्ट नीचे गिर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद नगर निगम कार्यालय में सुरक्षा और लिफ्ट के रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। हिदायत/ईएमएस 08फरवरी26