राष्ट्रीय
08-Feb-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट लांच कर दी गई है, जो केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी का केंद्र बनेगी। यह कदम पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सहभागी बनाने के लिए उठाया गया है। नई वेबसाइट पर वेतन आयोग से जुड़े सभी अपडेट, नोटिफिकेशन, पिछली वेतन आयोग की रिपोर्ट्स और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध कराए गए है। नई वेबसाइट पर जाकर कर्मचारी और पेंशनभोगी आयोग की गतिविधियों, सिफारिशों और बैठकों के बारे में नियमित जानकारी पा सकते हैं। इसमें वेतन संरचना, पेंशन, भत्ते, इंक्रीमेंट सिस्टम और उच्च अधिकारियों के वेतन जैसे विषय शामिल हैं। साथ ही, मायगव पोर्टल के माध्यम से आयोग ने कर्मचारियों और अन्य स्टेकहोल्डर्स से राय लेने के लिए 18 सवालों वाली प्रश्नावली जारी की है। सभी सुझाव केवल मायगव पोर्टल पर स्वीकार किए जाएंगे और उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। प्रश्नावली में कर्मचारियों की राय फिटमेंट फैक्टर, इंक्रीमेंट ढांचा, महंगाई, आर्थिक हालात और वेतन निर्धारण के आधार जैसे नीतिगत मुद्दों पर मांगी गई है। वेबसाइट पर 6वें और 7वें वेतन आयोग की रिपोर्ट्स भी उपलब्ध हैं, जिससे पुराने सिफारिशों और उनके आधार को समझा जा सकता है। साथ ही, आयोग के चेयरमैन, सदस्य और सचिव की जानकारी भी दी गई है, जिससे आयोग की संरचना स्पष्ट होती है। इसके अलावा, सभी सरकारी अधिसूचनाएं और गजट नोटिफिकेशन वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। एफएक्यू सेक्शन में आम कर्मचारियों के सवालों के जवाब जैसे बकाया वेतन, सिफारिशें कब लागू होंगी और प्रक्रिया क्या होगी, दिए गए हैं। आयोग की बैठकों और रिपोर्ट तैयार होने की प्रगति की जानकारी भी समय-समय पर साझा होगी। यह प्लेटफॉर्म कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को भरोसेमंद और सटीक जानकारी प्रदान करेगा, जिससे अफवाहों पर निर्भर रहना नहीं पड़ेगा। यदि आप 8वें वेतन आयोग से जुड़े अपडेट, रिपोर्ट, सुझाव देने की प्रक्रिया और आयोग की संरचना के बारे में पूरी जानकारी चाहते हैं, तब आधिकारिक वेबसाइट पर विज़िट करना बेहद जरूरी है। आशीष दुबे / 08 फरवरी 2026