गंगटोक,(ईएमएस)। सिक्किम के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम 4.7 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार भूकंप शाम 6:35 बजे आया, जिसका केंद्र पश्चिम सिक्किम के मानेबंग से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित था। राहत की बात यह है कि अभी तक इसमें किसी प्रकार के नुक्सान की कोई खबर नहीं है। भूकंप के झटके गंगटोक सहित राज्य के अन्य इलाकों में महसूस किए गए, जिससे कुछ देर के लिए लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, सिक्किम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप से किसी के घायल होने या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। आईएमडी के मुताबिक, भूकंप के झटके सिक्किम तक सीमित नहीं रहे, बल्कि पड़ोसी देशों बांग्लादेश, नेपाल, भूटान और चीन के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। हिदायत/ईएमएस 08फरवरी26