-कलेक्टर बोले- जांच कराई जाएगी, मतदान नियमों का उल्लंघन हुआ तो करेंगे कार्रवाई मुंबई,(ईएमएस)। महाराष्ट्र जिला परिषद चुनाव में नाबालिग को पोलिंग बूथ के अंदर ले जाने के मामले सामने आए हैं। पहला केस सोलापुर और दूसरा छत्रपति संभाजीनगर जिले से जुड़ा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोलापुर जिले के अकलुज स्थित यशवंत नगर मतदान केंद्र पर उम्मीदवार अर्जुन सिंह मोहिते पाटिल अपने 14 साल के बेटे के साथ पोलिंग बूथ के अंदर गए। आरोप है कि नाबालिग ने ईवीएम का बटन दबाया। वहीं छत्रपति संभाजीनगर जिले में शिवसेना विधायक अपने नाबालिग बेटे को मतदान केंद्र के अंदर ले गए। विधायक ने अपने और बेटे दोनों की उंगली पर स्याही लगवाई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को राज्य के 12 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव हुए। इसमें करीब 67 फीसदी मतदान हुआ। अर्जुन सिंह मोहिते पाटिल ने कहा कि उनका बेटा केवल मतदान की प्रोसेस समझना चाहता था। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा यह जानना चाहता था कि वोटिंग कैसे होती है, इसलिए मैं उसे अंदर ले गया। मतदान अधिकारियों ने आपत्ति जताई थी, लेकिन मैंने अनुरोध किया कि वह मेरे पास खड़ा रह सके। मुझे इसमें कुछ भी गलत नहीं लगता। वहीं छत्रपति संभाजीनगर जिले के पाचोड़ मतदान केंद्र पर शिवसेना विधायक अपने नाबालिग बेटे को मतदान केंद्र के अंदर ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो के मुताबिक विधायक ने अपने और बेटे दोनों की उंगली पर स्याही लगवाई और इसके बाद ईवीएम के जरिए मतदान किया। छत्रपति संभाजीनगर के जिला कलेक्टर ने कहा कि पाचोड़ मतदान केंद्र पर हुई घटना की विस्तृत जांच की जाएगी। परिस्थितियों की समीक्षा की जाएगी और यदि मतदान नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित पीठासीन अधिकारी या स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। सिराज/ईएमएस 08फरवरी26