राज्य
08-Feb-2026
...


दसवीं-बारहवीं की बोर्ड परीक्षा के लिए कंट्रोल रूम बनाए - आठ परीक्षा केंद्रों पर लगाए जाएंगे जैमर शिवपुरी (ईएमएस)। शिवपुरी जिले में मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित कराई जा रही बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षाओं में पारदर्शिता कायम रखने के लिए एक ओर जहां स्टाफ के मोबाइलों को प्रश्न पत्र शुरू होने से पहले ही सील करने की प्रक्रिया अंजाम दी जाएगी, वहीं परीक्षा केंद्र पर पूरी परीक्षा के दौरान कलेक्टर प्रतिनिधि भी मौजूद रहेगा। इतना ही नहीं परीक्षा तैयारियों के अंतिम चरण में अब परीक्षा पर निगरानी रखने के लिए 46 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के साथ-साथ पयवेक्षकों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से मानीटरिंग की तैयारी कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों से गतिविधियों को देखा जा सकेगा- जिले भर के 46 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखे जाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। कलेक्टर प्रतिनिधि के साथ-साथ स्कूल चैक करने के लिए पहुंचने वाले अधिकारी इन परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के बाद प्रत्यक्ष निरीक्षण के साथ-साथ चुपचाप सीसीटीवी कैमरों से भी पूरे परीक्षा केंद्र में चल रही गतिविधियों को देख सकेंगे। इसके लिए बकायदा परीक्षा केंद्रों पर कंट्रोल रूम रहेगा, जहां से पूरे परीक्षा केंद्र पर नजर रखी जा सकेगी। परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य के अनुसार इसके अलावा उत्कृष्ट विद्यालय शिवपुरी पर आयोजित हो रही परीक्षा का निरीक्षण तो भोपाल के अधिकारी वहां बैठकर भी कर सकेंगे, ऐसी व्यवस्था यहां उपलब्ध है। आठ परीक्षा केंद्रों पर लगाए जाएंगे जैमर- माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा निर्धारित किए गए जिले भर के आठ अति संवेदशील और संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि अगर को चोरी छिपे परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल ले जाने में सफल भी हो जाए तो वहां पर उनका मोबाइल आदि काम न कर सके। इससे पेपर लीक होने और परीक्षा केंद्र के अंदर मौजूद परीक्षार्थी अथवा कोई अन्य व्यक्ति फोन के माध्यम से बाहर के किसी व्यक्ति से संपर्क न कर सके। सीएस व एसीएस को परीक्षा सामग्री वितरित - इन बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिला उत्कृष्ट विद्यालय स्थित बोर्ड की समन्वय संस्था में माध्यमिक शिक्षा मंडल की टीम द्वारा शहर के केंद्रों के लिए प्रश्नपत्रों व उत्तर पुस्तिकाओं सहित अन्य सामग्री का वितरण किया गया। शुक्रवार को अंचल के 51 परीक्षा केंद्रों के लिए गोपनीय सामग्री का वितरण किया गया था वहीं शनिवार को शहर में गठित 15 परीक्षा केंद्रों के लिए गोपनीय सामग्री बांटी गई। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्रों के सील बाक्स शहर के तीन थानों में सुरक्षित कर वाहनों के जरिए रखवाए गए। .../ 8 फरवरी /2026