गुना (ईएमएस)शनिवार देर रात आरोन-सिरोंज मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक हँसते-खेलते किसान परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। विदिशा जिले के ग्राम विश्रामपुर (सिरोंज) निवासी दो भाई जब बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में बड़े भाई की जान चली गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, निर्भय प्रजापति अपने भाई फूल सिंह प्रजापति के साथ शनिवार रात करीब 10 बजे बाइक से घर की ओर जा रहे थे। रहीमपुर के समीप अचानक सामने से आए एक अनियंत्रित बाइक सवार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल गुना लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद निर्भय प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल फूल सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। अस्पताल में मौजूद घायल भाई ने बताया कि टक्कर मारने वाला बाइक सवार बहुत तेज गति में था और संभलने का मौका ही नहीं मिला। मृतक निर्भय प्रजापति पेशे से किसान थे और खेती के जरिए ही अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। रविवार सुबह पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। सीताराम नाटानी