मण्डला (ईएमएस)। बिछिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक नारायण सिंह पट्टा द्वारा जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी को वाटर प्यूरीफायर सह कोल्ड यूनिट समर्पित की गई है। विधायक निधि से प्रदाय की गई इस आधुनिक मशीन के लग जाने से अब अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल के लिए यहाँ-वहाँ भटकना नहीं पड़ेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी में लंबे समय से शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। विशेष रूप से भीषण गर्मी के मौसम में तीमारदारों को शीतल जल के लिए अस्पताल परिसर से बाहर जाना पड़ता था। विधायक श्री पट्टा ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आधुनिक फिल्टर और कूलिंग सिस्टम वाली यह इकाई उपलब्ध कराई है, जो अब अस्पताल में 24 घंटे स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक नारायण सिंह पट्टा ने विधिवत पूजन-अर्चन कर यूनिट की शुरुआत की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मशीन के नियमित रखरखाव के निर्देश दिए ताकि इसका लाभ लंबे समय तक आमजन को मिलता रहे। उन्होंने भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर मुख्य रूप से बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा के साथ खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज राज, तकनीकी विशेषज्ञ विनय चौकसे, वरिष्ठ नागरिक नेतराम साहू, पंकज झरिया और मेवा धुर्वे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अस्पताल के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे, जिन्होंने इस जनहितैषी कार्य के लिए विधायक का हृदय से आभार व्यक्त किया। ईएमएस/08/02/2026