मनोरंजन
09-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड सिंगर अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा को लेकर श्रेया घोषाल, चिन्मयी और शिल्पा राव के बाद अब मशहूर सिंगर-कंपोजर लकी अली ने भी अपनी बात रखी है। उन्होंने अरिजीत के फैसले को एक बेहद व्यक्तिगत और गहराई से जुड़ा कदम बताया और कहा कि इसे जज नहीं, सम्मान देना चाहिए। लकी अली ने एक इंटरव्यू में कहा कि किसी कलाकार का ऐसा निर्णय हमेशा किसी गहरे भावनात्मक अनुभव या टूटन से उपजता है। उन्होंने कहा, “यह समझने के लिए कि एक म्यूजिशियन क्या महसूस कर रहा है, आपको उसकी जगह खुद को रखना होगा। अगर अरिजीत ने यह कदम उठाया है, तो निश्चित ही उसके भीतर कुछ टूटा होगा। जब मैंने उनका स्टैंड देखा, तो मैं उससे पूरी तरह सहमत था। यह कोई नुकसान नहीं है। वह गाना जारी रखेंगे, लेकिन पहले जैसी परिस्थितियों में नहीं।” लकी अली ने संगीत करियर की वास्तविकताओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि म्यूजिक इंडस्ट्री में कोई चीज आसानी से नहीं मिलती। “आपको कुछ भी थाली में परोसकर नहीं दिया जाता। आपको अपना काम ईमानदारी से, पूरी क्षमता के साथ करना होता है। जब आप अपनी राह खुद बनाना सीख जाते हैं, तो आगे बढ़ने का आत्मविश्वास बढ़ता है, लेकिन सफर कभी आसान नहीं होता।” इस दौरान उन्होंने अरिजीत की घोषणा का संदर्भ भी दोहराया। अरिजीत सिंह ने कुछ दिन पहले अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा था कि वे अब प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई नया असाइनमेंट नहीं लेंगे। उन्होंने इसे एक शानदार सफर बताते हुए श्रोताओं का आभार व्यक्त किया था। यह खबर सामने आते ही उनके प्रशंसकों में निराशा और भावुक प्रतिक्रिया देखने को मिली। लकी अली के बारे में बात करें तो वे भारतीय पॉप और सूफी संगीत की दुनिया के एक प्रतिष्ठित नाम हैं। कॉमेडी के दिग्गज महमूद के बेटे लकी अली ने 90 के दशक में ‘ओ सनम’ जैसे सदाबहार गाने देकर इंडी-पॉप को नए मुकाम पर पहुंचाया। ‘सफरनामा’, ‘एक पल का जीना’, ‘ना तुम जानो ना हम’ और ‘कभी ऐसा लगता है’ जैसे गानों से उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। सिंगिंग के साथ-साथ वे अभिनय में भी हाथ आजमा चुके हैं। बता दें कि अरिजीत के रिटायरमेंट की घोषणा ने फैंस के साथ-साथ संगीत जगत को भी झटका दिया है। उनके फैसले पर लगातार सेलिब्रिटीज अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 09 फरवरी 2026