खेल
09-Feb-2026
...


क्रिकेटर बनने टेक्सी तक चलायी चेन्नई (ईएमएस)। टी20 विश्वकप के लिए इटली की टीम में शामिल तेज गेंदबाज जसप्रीत सिंह मूल रुप से भारत के पंजाब के रहने वाले हैं। जसप्रीत का परिवार कई साल पहले इटली चला गया था। जसप्रीत के अनुसार उनके लिए यहां खेलना आसान नहीं था क्योंकि इटली में क्रिकेट लोकप्रिय नहीं है। ऐसे में खेल के लिए बेहतर सुविधाएं नहीं थीं। इस कारण उन्हें एक स्थानीय बर्गमो क्रिकेट क्लब से जुड़ना पड़ा। यहां साधारण सुविधा थी । उसकी प्रतिभा को देखते हुए लोगों ने उसे क्रिकेट कौशल को निखारने इंग्लैंड जाने को कहा। इसके बाद वह बर्मिंघम पहुंच कर खेलने लगे। यहां उन्होंने टैक्सी चालक का भी काम किया । जसप्रीत ने कहा, जब मैं बच्चा था तो भारत में क्रिकेट खेलता था और जब मैं इटली गया तो मैं वही करना चाहता था पर जब मैं इटली गया तो वहां क्रिकेट नहीं था, कोई सही स्टेडियम या ग्राउंड नहीं थे, जैसे मैंने पंजाब में देखे थे। बर्मिंघम एवं जिला प्रीमियर लीग में खेलने वाले 32 वर्षीय जसप्रीत ने कहा, जब मुझे इसके बारे में पता चला तो मैं इंग्लैंड जाकर वहां खेलने लगा क्योंकि वहां टर्फ विकेट थे और खर्चों को पूरा करने के लिए मैंने टेक्सी चलाना शुरू किया । इसके बाद जसप्रीत को सला 2019 में नॉर्वे के खिलाफ इटली के लिए खेलने का अवसर मिला। इटली 2024 टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के भी करीब पहुंच गया था पर आयरलैंड से करीबी हार से उसके हाथ से अवसर निकल गया। टीम ने एक साल बाद जून 2025 में यूरोपीय क्षेत्रीय क्वालीफायर में शीर्ष पर रहकर अपना सपना पूरा किया। जसप्रीत ने कहा, यह हमारे लिए गर्व की बात है। हम लंबे समय से क्वालीफाई करने की कोशिश कर रहे थे। और हमारी टीम पिछले तीन वर्षों से बहुत कड़ी मेहनत कर रही है। हम भगवान के आभारी हैं कि हम इस बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर पाए। उन्होंने कहा, हम सिर्फ विश्व कप में हिस्सा लेने नहीं आए हैं, हम मुकाबला करने भी आए हैं। जसप्रीत भारत में विश्व स्तरीय क्रिकेट सुविधाओं का अनुभव भी हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, यह हमारे लिए एक अद्भुत एहसास है। मैं बचपन से इन मैदान को देखता आ रहा हूं। ईडन गार्डन्स, वानखेड़े जैसे स्टेडियमों में खेलने का अनुभव वह हमेशा से ही हासिल करना चाहते थे। गिरजा/ईएमएस 09 फरवरी 2026