खेल
09-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक भारत के खिलाफ टी20 विश्कप के पहले ही मैच में अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हैं। शाल्कविक के अनुसार हालांकि उन्हें अभी काफी सुधार करना होगा। उनके अनुसार एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों को शीर्ष टीमों से मुकाबले में विशेष प्रयास करने होते हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि उनकी टीम ने पहले मैच में काफी अच्छा खेला। उनकी टीम का क्षेत्ररक्षण भी इस मैच में अच्छा रहा है। शाल्कविक ने इस मैच में 25 रन देकर चार विकेट लिए थे। इस तेज गेंदबाज ने कहा, एसोसिएट क्रिकेटर के तौर पर भारत जैसी शीर्ष टीम के खिलाफ हमारा प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। इसके लिए हमें काफी प्रयास करना पड़ता है। हमें सबसे बड़े मंच पर खेलने का अवसर कभी-कभी ही मिलता है। हमारे लिए उन टीम के खिलाफ बहुत अच्छी तरह तैयारी करना जरूरी है जिनके खिलाफ हम खेलते हैं। हम योजना पर भी भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा, हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो पहले यहां खेल चुके हैं। हमारे पास ऐसे लोग हैं जो आंकलन कर रणनीति बनाते हैं। हमें स्थिति बताते हैं। साथ ही बताते हैं कि कहां गेंदबाजी करनी है और हम उस योजना पर भरोसा करते हैं। हम मैदान पर अभ्यास करते हैं और जितना हो सके उतना अच्छा करने की कोशिश करते हैं। दक्षिण अफ्रीकी मूल के अमेरिका के गेंदबाज वैन शाल्कविक ने कहा कि विरोधियों के खिलाफ अधिक योजना नहीं बनाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा, अगर आप अधिक योजना बनाते हैं तो आपको खिलाड़ी कहीं अधिक बेहतर लगने लगते हैं। मुझे लगता है कि अधिक योजना बनाने से आप थोड़े अधिक दबाव में आ सकते हैं। शाल्कविक ने कहा कि अमेरिका को बल्लेबाजी में अपने अवसर पर भरोसा था, फिर भले ही आधे ओवरों के बाद भारतीय टीम अच्छी स्थिति में पहुंच गयी। गिरजा/ईएमएस 09 फरवरी 2026