कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत आमाटिकरा में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करने पुलिस ने विशेष सभा का आयोजन किया। मुख्य अतिथि के रूप में बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा उपस्थित रहे। ग्रामीणों को वर्तमान समय की चुनौतियों, कानून व्यवस्था और सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। श्री वर्मा ने बालक-बालिकाओं के व्यवहार में आ रहे बदलावों पर अभिभावकों को सतर्क रहने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सशक्त समाज की नींव हैं। सडक सुरक्षा नियमों का पालन करने और साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों पर भी विस्तार से जानकारी दी, ताकि ग्रामीण किसी प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार न हों। जेंडर ट्रेनर लक्ष्मी देवी प्रजापति ने जेंडर समानता और समाज में इसकी आवश्यकता बताई। वहीं एस्पायर की प्रतिनिधि अंजू नेटी ने ‘बालिका अधिकार सुरक्षा समिति’ की संरचना, उद्देश्य और कार्यप्रणाली पर विस्तृत जानकारी दी। बताया कि यह समिति गांव की बालिकाओं के अधिकारों और सुरक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी। थाना प्रभारी की उपस्थिति में आदित्य साहू एवं ओम प्रकाश द्वारा ‘बाल अधिकार सुरक्षा समिति’ का विधिवत गठन कराया गया। इस अवसर पर सरपंच बाबूलाल धनुवार, उप सरपंच श्याम सिंह आर्मो, राम सिंह मरावी, पंच जगधारी श्याम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिन सोनकुंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सरपंच श्री धनुवार ने आभार जताया। 09 फरवरी / मित्तल