रायगढ़(ईएमएस)। जिले में जिला सहायक संचालक मछली पालन विभाग के कार्यालय में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने कार्यालय के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखी महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गए। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी प्रयास करना पड़ा। सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना प्रभारी सहित पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी। मछली पालन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एएसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी और अब आग पूरी तरह बुझा दी गई है। नुकसान का आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है।