मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने टी20 विश्वकप के पहले ही मैच में तिलक वर्मा की बल्लेबाजी की सराहना की है। गावस्कर ने कहा कि तिलक एक समझदार क्रिकेटर हैं जो हालात के अनुसार खेलना जानते हैं। उन्हें पता है कि दबाव के बीच किस प्रकार से संयमित पारी खेली जाती है। गावस्कर को उम्मीद है कि 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ मैच में भी वह इसी प्रकार खेलेंगे। गावस्कर ने दबाव में परिपक्वता दिखाने के लिए तिलक की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा, तिलक एक बहुत ही होशियार क्रिकेटर हैं। वह न सिर्फ अपनी बल्लेबाजी कौशल या अलग-अलग प्रकार के शॉट्स के लिए जाने जाते हैं बल्कि इसलिए भी कि कब, कैसे खेलना है। वह दूसरे ओवर में कठिन हालातों में बल्लेबाजी करने आए, जब टीम के मुख्य आक्रामक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा आउट हो गए थे। उस समय, तिलक जानते थे कि उन्हें जवाबी हमला करने की जरूरत है पर बिना बड़ा जोखिम उठाए। गावस्कर ने कहा, वह बहुत ज्यादा आक्रामक नहीं हो रहे थे, बल्कि सोच-समझकर खेल रहे थे। उन्होंने मिड-ऑन के ऊपर से एक चिप शॉट खेला क्योंकि उन्हें पता था कि फील्डर सर्कल के अंदर है। वह छक्का मारने की कोशिश नहीं कर रहे थे, सिर्फ चौका। तिलक उस तरह के खिलाड़ी हैं जो आपके साथ टिके रहेंगे। हमने यह एशिया कप फाइनल में भी देखा था, जहां उन्होंने समय लिया और फिर आखिर में जीत दिलायी। इसलिए, अगर उनके जैसा कोई खिलाड़ी पहले छह ओवर में आता है और 14वें या 15वें ओवर तक क्रीज पर रहता है, तो आप एक अच्छा स्कोर बना सकते गिरजा/ईएमएस 09 फरवरी 2026