राज्य
09-Feb-2026
...


- मारपीट के बाद दो आरोपी गिरफ्तार बालाघाट (ईएमएस)। किरनापुर थाना क्षेत्र की रजेगांव पुलिस चौकी अंतर्गत बीती रात गाड़ी टकराने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि रेत ठेकेदार अनुराग चतुरमोहता के करीबियों ने गांव में जमकर उत्पात मचाते हुए ग्रामीणों पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद के बाद सेम हुसैन, जुनैद और उनके साथियों ने लोहे के पाइप और डंडों से ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बस स्टैंड पर बैठे जमील मिर्जा उर्फ बाबा भाई, अंकेश डायरे और राजू बुढेकर, निवासी रजेगांव, पर धारदार हथियार से भी वार किए, जिससे वे घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों का पीछा किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही किरनापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सेम हुसैन और जुनैद के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने ईएमएस को बताया की दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।