कांकेर(ईएमएस)। जिले के भानुप्रतापपुर थाना में दर्ज ऑनलाइन ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी दी और करीब 84 हजार रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने महज छह दिनों के भीतर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 2 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। इसके बाद कॉल करने वाले ने वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर ऑनलाइन पैसे अपने खाते में जमा करा लिए। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मोबाइल नंबर के आधार पर टीम गठित की गई और राजस्थान पुलिस के सहयोग से अलवर में दबिश देकर आरोपी शाहिद खान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।