09-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के नरहरपुर में देर रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां शराब दुकान के अहाता के पास खुले में सो रहे युवक के करीब भालू पहुंच गया। बताया जा रहा है कि वहां काम करने वाला कर्मचारी नूतन मंडावी (निवासी ग्राम पटौद) दुकान के पास सो रहा था, तभी भालू वहां आ गया। भालू ने आसपास रखे सामान को उलट-पुलट करना शुरू कर दिया। खतरा भांपते हुए युवक सांस रोककर चुपचाप लेटा रहा। भालू कई बार उसके बेहद करीब पहुंचा, लेकिन युवक के शांत रहने से उसे मृत समझ लिया। करीब पांच मिनट तक वहां धमाचौकड़ी मचाने के बाद भालू वापस जंगल की ओर लौट गया। भालू के जाते ही युवक तुरंत वहां से सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकला। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)09 फरवरी 2026